कौन हैं अनुराग शर्मा? जिन्हें कांग्रेस ने हिमाचल से बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

बैजनाथ। कांग्रेस ने कांगड़ा को राज्यसभा में तवज्जो दी है। इंदु गोस्वामी के बाद बैजनाथ से ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष बने अनुराग शर्मा का नाम राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में चयनित किया गया है।

पहले चल रहे बड़े नामों के बाद सूची में अनुराग शर्मा के नाम ने सबका चौंका दिया। अनुराग शर्मा का कद लगातार कांगड़ा कांग्रेस में बढ़ता जा रहा है। कुछ समय पहले ही अनुराग शर्मा को जिला कांगड़ा का अध्यक्ष घोषित किया गया था और अब राज्यसभा उम्मीदवार के रूप में उनका नाम प्रदेश भर में चर्चा का विषय बन गया है।

छात्र राजनीति से शुरू किया राजनीतिक सफर

बैजनाथ उपमंडल के बीड़ क्षेत्र के निवासी अनुराग शर्मा लंबे समय से राजनीति और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वर्ष 1994 से कांग्रेस संगठन से जुड़े अनुराग शर्मा ने छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और विभिन्न संगठनात्मक पदों पर रहते हुए क्षेत्र के विकास में योगदान दिया। बता दें कि अनुराग शर्मा का जन्म 29 अगस्त 1978 को हुआ। उन्होंने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से 10वीं की परीक्षा वर्ष 1993 में तथा 12वीं (नॉन-मेडिकल) वर्ष 1996 में उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से वर्ष 1999 में गणित विषय में बी.ए. की डिग्री प्राप्त की।

राजनीतिक जीवन की शुरुआत उन्होंने एनएसयूआई से की। वर्ष 1998 और 1999 में जीजीडीएसडी कॉलेज बैजनाथ में एनएसयूआई के कैंपस अध्यक्ष रहे। इसके साथ ही वर्ष 1996 से 2001 तक एनएसयूआई के राज्य महासचिव के रूप में भी कार्य किया। इसके बाद वर्ष 2002 से 2006 तक जिला युवा कांग्रेस के महासचिव रहे।

वर्ष 2007 से 2012 तक उन्होंने ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बैजनाथ के महासचिव के रूप में कार्य किया। आगे चलकर वर्ष 2014 से 2019 तक हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राज्य सचिव भी रहे। वर्ष 2015 से 2017 के दौरान उन्हें जोगिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी भी दी गई।

विभिन्न सरकारी पदों पर भी सेवाएं दे चुके हैं अनुराग शर्मा

अनुराग शर्मा को विभिन्न सरकारी पदों पर भी सेवाएं देने का अवसर मिला। वर्ष 2013 से 2017 तक वे हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के निदेशक रहे। इसी अवधि में वर्ष 2013 से 2017 तक हिमाचल प्रदेश सरकार के युवा एवं खेल सेवाएं विभाग के सदस्य के रूप में भी कार्य किया। वर्तमान में वे वर्ष 2023 से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की विजिलेंस एंड प्रिवेंशन कमेटी के सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

सामाजिक और खेल गतिविधियों में भी उनकी विशेष रुचि रही है। वे बिलिंग पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन से लंबे समय से जुड़े हुए हैं। वर्ष 2010 से 2020 तक एसोसिएशन के निदेशक रहे और वर्ष 2020 से 2025 तक अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी निभाई। उनके कार्यकाल में बीड़-बिलिंग में कई अंतरराष्ट्रीय स्तर की पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हुआ, जिनमें वर्ष 2013 का प्री वर्ल्ड कप, वर्ष 2015 का पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप और वर्ष 2024 का पैराग्लाइडिंग वर्ल्ड कप प्रमुख हैं।

इसके अतिरिक्त वे स्वामी रामानंद ट्रस्ट के सदस्य भी हैं तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं। वर्ष 2019 में उन्होंने बैजनाथ (बीड़) में आयोजित त्रिगर्त सम्मेलन कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में भी भाग लिया था। छात्र राजनीति से लेकर संगठनात्मक जिम्मेदारियों और खेल-पर्यटन गतिविधियों तक अनुराग शर्मा का सार्वजनिक जीवन क्षेत्र में सक्रिय योगदान का उदाहरण माना जाता है। वर्तमान में बह कांग्रेस के जिला अध्यक्ष की कमान भी संभाल रहे हैं।


Leave a Reply