हिमाचल: अपनी 14 वर्षीय बेटी को मां ने आधी रात को सौंप दिया दरिंदे को। मां के सामने करता रहा बदसलूकी, पुलिस ने दर्ज किया मामला

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने मां-बेटी के पवित्र रिश्ते पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं। धार्मिक आस्था के केंद्र में हुई इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि एक मां ने अपनी ही 14 वर्षीय नाबालिग बेटी को आधी रात सुनसान जगह पर ले जाकर एक व्यक्ति के हवाले कर दिया।

यह मामला थाना अंब क्षेत्र के अंतर्गत मैड़ी स्थित डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी के होली मेले से जुड़ा बताया जा रहा है।

धार्मिक मेले में पहुंची थी संगत के साथ

जानकारी के अनुसार पंजाब के एक गांव की रहने वाली 14 वर्षीय लड़की अपनी मां और गांव की संगत के साथ डेरा बाबा बड़भाग सिंह जी मैड़ी में माथा टेकने आई थी। श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए टैंटों में सभी लोग ठहरे हुए थे।

बताया जा रहा है कि पीड़िता की मां अलग टैंट में ठहरी हुई थी, जहां एक व्यक्ति भी मौजूद था जिसे वह पहले से जानती थी।

आधी रात को टैंट से बाहर ले गई मां

पीड़िता के मुताबिक 27 फरवरी की रात करीब एक बजे उसकी मां उसे यह कहकर टैंट से बाहर ले गई कि उसे शौचालय जाना है। इसके बाद वह उसे कुछ दूरी पर झाड़ियों और एक पुराने कुएं के पास सुनसान जगह पर ले गई, जहां एक व्यक्ति पहले से मौजूद था।

लड़की का आरोप है कि वही व्यक्ति उसकी मां के साथ टैंट में भी रुका हुआ था और नशे की हालत में नजर आ रहा था। पीड़िता का कहना है कि मां ने उसे उसी व्यक्ति के हवाले कर दिया।

झाड़ियों में ले जाकर की बदसलूकी

7वीं कक्षा में पढ़ने वाली इस नाबालिग ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे जबरन झाड़ियों की ओर खींचकर ले गया और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट की और हाथ में पहने कड़े से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह घायल हो गई।

धक्का लगने से वह जमीन पर गिर गई और उसकी पीठ व कमर में भी चोटें आईं।

मां के सामने होती रही घटना

पीड़िता के अनुसार यह सब उसकी मां की मौजूदगी में हुआ। उसने आरोप लगाया कि मां वहां मौजूद थी, लेकिन उसने बेटी को बचाने की कोशिश नहीं की।

किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटकर लड़की वापस टैंट में पहुंची और वहां मौजूद लोगों को पूरी घटना बताई। जब संगत के लोगों ने उसकी मां से सवाल पूछने की कोशिश की, तो वह मौके से गायब हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

बाद में घटना की जानकारी पीड़िता के पिता को दी गई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा। थाना अंब पुलिस ने नाबालिग के बयान के आधार पर पंजाब के अमृतसर निवासी आरोपी युवक और पीड़िता की मां के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। धार्मिक स्थल पर हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र में गहरा आक्रोश पैदा कर दिया है और समाज में भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


Leave a Reply