पहले दुर्व्यवहार फिर थाने ले गई पुलिस, राजभवन में IRS अधिकारियों से बदसलूकी, जांच के लिए बना पैनल
Himachali Khabar: ओडिशा के राजभवन में दो IRS अधिकारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस घटना की गंभीरता को देखते हुए शुक्रवार (17 अप्रैल) को राजभवन प्रशासन ने वरिष्ठ अधिकारियों की चार सदस्यीय समिति का गठन किया है. अधिकारियों के मुताबिक यह समिति पूरे मामले की जांच करेगी और अपनी रिपोर्ट सोमवार तक राज्यपाल को सौंपेगी. रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

जानकारी के मुताबिक 2015 बैच के एक संयुक्त आयुक्त और 2023 बैच के एक सहायक आयुक्त, दोनों IRS अधिकारी गुरुवार को आधिकारिक कार्य के तहत राजभवन पहुंचे थे. वे आयकर विभाग के प्रधान मुख्य आयुक्त (PCCIT), ओडिशा के दौरे के समन्वय के लिए वहां मौजूद थे. आरोप है कि उन्हें राजभवन परिसर में प्रवेश से रोक दिया गया और पुलिस वाहन में बैठाकर कैपिटल पुलिस स्टेशन ले जाया गया.
घटना की जांच की मांग
हालांकि अधिकारियों ने बाद में इसे गलतफहमी बताया, वहीं आयकर विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस घटना को बेहद चिंताजनक बताया और आधिकारिक ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के साथ किए जाने वाले व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए. इस घटना पर PCCIT डी. सुधाकर राव ने कड़ी आपत्ति जताते हुए राज्यपाल के सचिव को एक सख्त पत्र लिखा. उन्होंने इस व्यवहार को परेशान करने वाला बताया और कहा कि वरिष्ठ सिविल सेवकों के साथ इस तरह का रवैया उनके पद की गरिमा के खिलाफ है. उन्होंने राजभवन के सुरक्षा कर्मियों और ADC (पुलिस),जो 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं उनके आचरण की जांच की मांग की.
IRS अधिकारियों ने क्या कहा
IRS अधिकारियों में से एक के द्वारा दायर याचिका के अनुसार, जब वे सहायक के कक्ष के पास एक हॉल में इंतजार कर रहे थे, तभी वहां 4-5 पुलिसकर्मी आए और उन्हें अपने साथ चलने के लिए कहा, यह कहते हुए कि उन्होंने राजभवन में अनाधिकृत प्रवेश किया था. अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने पुलिसकर्मियों कोअपनी पहचान बताई और यह भी स्पष्ट किया कि वे ADC (नेवी) और राज्यपाल के OSD की जानकारी में वहां मौजूद थे, बावजूद इसके पुलिस उन्हें वाहन में बैठाकर थाने ले गई.
अधिकारी द्वारा दायर याचिका में लिखा है ‘हमने उनका सहयोग किया और अपने कार्यालय के वाहनों से जाने की पेशकश की. हालांकि, उन्होंने हमें अपने पुलिस वाहन में साथ चलने के लिए कहा और हमने सहयोग किया’. राजभवन से अधिकारियों को कथित तौर पर सीधे राजधानी पुलिस स्टेशन ले जाया गया.
नशे की हालत में होने का आरोप
हालांकि बाद में अधिकारियों को जाने की अनुमति दे दी गई, लेकिन उन्होंने बताया कि दोपहर में उन्हें फिर से पुलिस स्टेशन बुलाया गया, क्योंकि राजभवन के एक सुरक्षाकर्मी ने शिकायत की थी कि दोनों अधिकारियों में से एक नशे की हालत में लग रहा था और दोनों को वहां से हटाना पड़ा. हालांकि अधिकारियों ने स्वयं ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट की पेशकश की, जिसे पुलिस अधिकारियों ने यह कहते हुए खारिज कर दिया कि दोनों में से किसी के भी नशे की हालत में होने की कोई शिकायत नहीं है और इसकी आवश्यकता नहीं है.
IRS अधिकारी ने घटना को बताया अपमानजनक
घटना से जुड़े एक IRS अधिकारी, जो ओडिशा के ही निवासी हैं उन्हों ने इसे व्यक्तिगत रूप से भी अपमानजनक बताया. उन्होंने कहा कि उनके पिता ने 34 सालों तक राजभवन में सेवा दी है और हाल ही में डिप्टी सेक्रेटरी पद से सेवानिवृत्त हुए हैं. ऐसे में उनके लिए यह घटना और भी ज्यादा शर्मिंदगी भरी रही है. ye khabar aap himachali khabar me padh rhe hai